गुरुवार, 9 अक्टूबर 2014

घुमई



अभिनव थियेटर जम्मू,  बलवंत ठाकुर का लिखा व निर्देशित डोगरी नाटक घुमई’.. जुबां की आंख नही आंख बेजुबां मेरी .. श्री ठाकुर और उनकी टीम को बधाई।
कुछ अच्छा लगे तो एक क्योंभी जाग जाती है। घुमईकी क्योंमें पहला आकर्षण पहाड़है। विस्थापन के चलते पिछले वर्षों में, पहाड़ को न जी पाने की कचोट,  इस आकर्षण को घना करती गई... इसी कारण अपने लिखने में पहाड़ को कई अर्थों में खुला पाता हूं। घुमईने इन अर्थों को नए आयाम दिए हैं।
कहानी में पहाड़ी लोक जीवन के यथार्थ की प्रस्तुति में एक हल्की सी विसंगति दिखी। शायद, मेरी नज़र का धोखा हो... पहाड़ी जीवन के अपने समृद्ध व संचित अनुभव हैं। जिनके चलते वे अपनी जरूरतों और पहाड़ के व्याकरण में सामंजस्य बिठा कर ही जीवन जीते हैं। ..अपवाद रूप, कभी हो सकता है ..ऐसी महत्वपूर्ण यात्रा जिसमें दुल्हन घर लाई जा रही हो... उसमें पानी के प्रबंध की चूक हो गई हो।
कुछ भी हो, नाटककार ने प्यास,  पहाड़ और आदमी के त्रिकोण से कुछ ऐसा रचा है, जो गहरे में चुमता है।
प्यास तो नैसर्गिक है,  इसे कहां तक रोकिएगा ..पहाड़ की जटिलता,  आदमी की विवशता ...युधिष्ठर भी द्रौपदी हार जाते हैं। ...यह तो सीधा-सादा भोला सा पहाडी़ दूल्हा है। विवशता से उपजी चूक,  चूक से उपजी विवशता,  उस त्याग को भी तो संकेतित करती है, जो इस प्यास की निवृति में किसी भी सीमा तक जाने को उद्यत है...। दुल्हन की प्यास मिटे,  इसके एवज में,  दुल्हन ही देने को तैयार हो गया।

लेकिन,  इस सारी स्थिति से उपजी प्रयत्न की बाध्यता,  सहज मानवीय करूणा से प्रेरित कर्म को लांघ कर परिणाम प्रेरित जुआ क्यों बनी?  उस युवक के साहस,  पहाड़ और प्यास से जा टकराने के साहस को, (यह भी ध्यान में रखते हुए कि उसकी शारीरिक  क्षमता दूल्हे से बेहतर रही होगी) कम करके नही आंक रहा ...इसके मूल में निश्चित ही सहज मानवीय करूणा की प्रेरणा है। लेकिन, जब इसमें  व्यक्तिगत स्वार्थ की फलाकांक्षा; दुल्हन को प्राप्त कर लेने का स्वार्थ जुड़ा, तो इस प्रेरणा का सौंदर्य,  उसका प्रभाव तो धूमिल हुआ...!

मान लो, पानी लेकर आनेवाला पात्र नही मरता.. तब क्या स्थिति थी ?
जटिल है....जटिल है कोई निर्णय दे पाना ! शायद,  इस जटिलता से बचने के प्रयास में, नायक को मृत्युदान दे दिया गया है।
जो भी हो, कहानी में एक मौसम है, जो कभी भी, किसी भी करवट निर्णय ले सकता है...यही इसका सौंदर्य है।
वैसे भी नाटक में घटनाएं रसरंग से सराबोर है। नाटक का निर्देशन कमाल का था। अमूर्त का मूर्तन, निर्देशन में विलक्षण प्रतिभा की मांग करता है। विश्वास ही नही होता, जम्मू में ठीक हमारे बीच, ऐसी विलक्षण प्रतिभा भी है! लगता है जैसे निर्देशक,  इंच-इंच कहानी को जिया हो। एक-एक अभिव्यक्ति इतनी सघन, इतनी सूक्ष्म, इतनी सशक्त,  इतना तरंगित करनेवाली .. प्यास जैसे सजीव हो उठी। दुल्हन प्यास हो उठी, दूल्हा प्यास हो गया, बराती-कहार, पहाड़, सब प्यास हो गए। यहां तक की दर्शक प्यास हो गया। प्यास और उसकी तृप्ति की आकांक्षा लहराती हुई दर्शक के भीतर तक उतर गई। दर्शक बिना चाहे भी इस प्यास के साथ एकात्म हो उठता है।

मेरे सामने तो कंडी सजीव हो उठी। एक पहाड़न, अपने गधे के दोनों और दो मिल्ट्री कैन लटकाए, अपने दो बच्चों के साथ पहाड़ी उतर रही हैं;  तीन चार घंटे का सफर तय करते हुए चालीस लीटर पानी घर ले जा रही है। शुआपाटा, दब्बड, भेड़ा,  कंडी के गावों में आज भी यह दृश्य मिलते हैं। बेशक, राज्य के पेयजल विकास मंत्री अपने नाम के साथ सागरचिपका कर रखते हों। पर मैं तो अपने नाम से सागरहटा रहा हूँ  (चिढ़ होने लगी है) ...विचलन के लिए क्षमा, पर जरूरी लगा यह सब कहना।
मंच का प्रकाश प्रबंध अद्भुत था... दिन सांझ में सरकता हुआ, सांझ रात में ढलती हुई ..रात फिर सूरज को खाली मटके सा सिर पर रख कर मूर्त प्यास के इस अंतहीन सफर को तय करती हुई। ....और वो डुग्गर गीतों का पार्श्व-गायन, शब्द; अर्थो की सारी सीमाएं लांघ, लहर बन छाए रहे ... हर पात्र .. हर पात्र अपना प्रभाव दे गया।
पहले लगा नाटक का अंत कुछ अस्वाभाविक  है। फिर लगा हम जो जीवन जीते है उसमें स्वाभाविकता है ही कहां ? शायद पृष्ठभूमि पहाड़ की न होती तो नायिका के विद्रोह का कोई अर्थ था। लेकिन, पहाड़ की पृष्ठभूमि में नायिका का विद्रोह ? 
फिर भी कहूंगा ...जुबां की आंख नहीं आंख बे जुबां मेरी

सोमवार, 29 सितंबर 2014

तुलती है हरेक चीज़

तुलती है हरेक चीज़ दुनिया की तुला में
महबूब बसा दिल में मगर तोला नहीं जाता
गुणगान तेरा अक्सर किया करते हैं शबनम
सच यह है कि सच हमसे मगर बोला नहीं जाता

गुरुवार, 5 दिसंबर 2013

फासले

मछली जल में जन्म लेती है
जल से बाहर मर जाती है
आदमी झूठ में जन्म लेता है
झूठ से बाहर मर जाता है

पर कविता
सच में जन्मती है
सच के लिए धडकती है

शायद इसीलिए
आदमी और कविता  में
फासले.. और फासले..
और और फासले बचे रहते हैं !

उमस

बुधवार, अक्तूबर 21, 2009

(रचनाकार महाराज कृष्ण सन्तोषी)

महाशय
आप पूछ सकते हैं
जब उमस हो
तो तैमूर को
याद करने में क्या तुक


पहाड़ बर्फ नदियाँ
स्मृतियों में इनका आना
स्वाभाविक है
पर उमस में जाग जाना
इतिहास बोध
सचमुच हैरान कर देने वाला है


महाशय आप और कुछ न पूछें
सिर्फ़ सुनें

दरअसल
हमारे यहाँ जब बच्चों को
daant पड़ती थी
तो बुजुर्ग उनसे यह कहते थे
जा तुझे देखने पड़ें
उमस भरे दिन

इस daant में
हमारे इतिहास का वह दस्तावेज़ है
जो हमारी ही सांसों में
खुलता बंद होता है


महाशय
आप विश्वास करें न करें
पर जब उमस badti है
समय बैचैनी से कटने लगता है
हमें अपना इतिहास याद आता है

सात सौ साल पहले
तैमूर के डर से
भाग आए थे
हमारी धरती पर सात सौ घुड़सवार
और उन डरे हुए
सात सौ घुड़सवारों के डर से
सात लाख इंसानी शक्लें
कब से भटकती फ़िर रही हैं
यहाँ वहां
पसीने स लथपथ


महाशय
आप जिसे उमस कहते हैं
हमारे लिए उसका सम्बन्ध
समंदर से नहीं
तैमूर के आतंक से है ... 

मैं समुद्र ही हो सकता था

बृहस्पतिवार, अक्तूबर 22, 2009


मैं समुद्र ही हो सकता था
कि प्रत्येक धारा ने
मुझ ही में समाना है
मुझ ही से पाना है
अपने प्रवाह का बल

अपार है मेरी कड़वाहटों का विस्तार
पर अथाह है मेरी प्रतिबद्दता

आओ तमतमाई हुई झुलसी हवाओं
मुझ से लो जितनी चाहो उतनी नमी

शिखरों को विशुद्द सत्व से
धवल करो
तराई मैदानों में भरो इन्द्रधनुषी रंग

अरे मेरी चिंता न करो
मेरा गौरव मेरी व्यथाओं में सुरक्षित है.

वक्त

रविवार, दिसम्बर 27, 2009


वक्त
जेब कतरा वक्त
न जाने 
कब से लगा था पीछे
और अचानक . .
 सब खो गया

किस थाने .. 
करूं शिकायत 
अपनी ही बेख्याली का
आता है रोना

क्यों चला आया
चेहरों पर चढ़े चेहरे
इस शहर को देखने
रखा ही क्या था यहाँ

हर आस नकली
 हर सपना झूठा

वक्त जेबकतरा 
हाकिम इस शहर का..

बर्फ


बर्फ  जो  हर  साल
किसी दोस्त  सी उतरती थी
कहवों और कह्कहों  के बीच
इक शाने बे नियाजी के साथ
सेबों को बाँटती लालिमा
धान को जीवन के गीत
इस बार गिरी थी किसी लेनदार सी

जैसे आडिट की कोई
मुहीम चली थी आसमानों  में

जैसे पूछ रही थी
मेरी इस घाटी को रक्तरंजित करने का
मेरे ही बन्दों को बेघर
दरबदर करने का अधिकार
तुम्हें किसने दिया था

बर्फ जो गिरी थी इस बार
जैसे पहाड़ों के पास अपने
दाग धोने के लिए भी  बचा नहीं  था पानी

बर्फ जो हर बार
किसी दोस्त सी उतरती थी
इक शाने बे नियाजी के साथ
इस बार गिरी थी किसी लेनदार  सी

सन्दर्भ :- कश्मीर से विस्थापन के बाद किसी एक साल बर्फ ने अपना तांडव दिखाया  था  कश्मीर में