सोमवार, 2 दिसंबर 2013

कवि होना

वाह!
धडाक से कहा दिल ने 

हाँ !
इसे कहते हैं ..कवि होना !

जीवन की इस
 घनीभूत असहजता में से 
सहजता को तलाश लेना 

जटिलतम से 
सरलतम को चीन्ह लेना 

कवि होना 
प्रश्न-चिन्ह होना है 

कवि होना 
जैसे किसी सेल में 
बिजली का होना 

जैसे किसी देह में
 धडकनों का होना है 

(बलदेव वंशी को सुनकर )

बुधवार, 22 सितम्बर 2010

मेरे ख्वाबों में इक शहर है ऐसा

 

लबों पे  
इश्क के तराने
दिलों  में 
मुहब्बत के अफसाने 
मेरे ख्वाबों में 
इक शहर है ऐसा 
जैसे 
कडकती ठंड में दस्तानें 

 

22 सितम्बर 2010

प्रिय दिव्या के लिए धन्यवाद के साथ

  "दिल में ऐसे उतर गया कोई 
जैसे अपने ही घर गया कोई
आम रस्ता नहीं था मैं, फिर भी 
मुझ से होकर गुजर गया कोई  
इतने खाए थे रात से धोखे 
चाँद निकला कि डर गया कोई"

(उपरोक्त पंक्तियाँ 
सूरजभानु गुप्त के काव्य-संकलन 
"एक हाथ की ताली" से हैं 
उनकी पुस्तक को पढ़ने के बाद 
मेरे उदगार इस प्रकार व्यक्त हुए) ---

"एक हाथ की ताली"
दी खुद को गाली
इत्ती देर से मिली 
यह कविता मतवाली 

मुझे शक है 
शहर की नीयत पर 

नहीं होती 
शहर में संवेदना 
इतनी गहरी 
कि 

हर भाव हर भंगिमा 
चुन ले 
अपने माप के शब्द 
और नाचने लगे

मुझे शक है कि  
यह कविता 
सूरजभान की हैं

नाम 
बेशक है उनका 
पर कविता गाँव की है 

... श्याम 

यह कवि था

कभी जब 
वह सुबह होगी
जिंदगी पुर-लुत्फ़ 
पुर-सकूं होगी
पलट कर एक बार 
कर लेना याद
कवि को भी

यह कवि था
जिसने भाव को ध्वनि दी
ध्वनि को शब्द दिए
शब्द को अलंकृत किया
तुम्हे भाषा दी

कल्पना करो
अपनी बात कहने के लिए
तुम्हारे पास मुहावरा ना होता
गीत न होते,  कविता न होती

तुम आज भी
कच्चे मांस के स्वाद से
आगे नहीं निकल पाते

गम

गम 
ऐसा तेज़ाब होता है 
दिल 
जिस्मों जां तक ही नहीं 
रूह तक का अज़ाब होता है 

गम के मारों के लिए 
पीना सवाब होता है

कामन वेल्थ

1.
जुबाँ की आँख नहीं 
आँख बे-जुबाँ मेरी 
कहूँ  तो किससे कहूँ 
क्या है दास्ताँ मेरी 
फलक ने खोल दिए राज़ सब 
जो पिन्हा थे 
कामन वेल्थ खेल 
और यह जाँ मेरी
 --श्याम 

2.
दांत बेचारे क्या करें 
कुछ फौजी हैं  कुछ गुन्डे हैं 
चबाते हैं 
हुकम बजा लाते हैं 

खतरनाक तो है  जुबाँ 
स्वादों की मारी 
दुखियारी 
सिर्फ हुक्म चलाती है 

दिल्ली को   
कामन वेल्थ 
बना  जाती  है


शुक्रवार, 24 सितम्बर 2010

(:हँडल विद केयर:)

न उसे देखा था कभी
न सुना कभी
न कुछ लेना था उससे
न कुछ देना था उसे  

फिर भी उसकी याद
जैसे
गर्म दोजख दिनों में
बरसात की फुहार सी   
चूम गई है मुझे
अभी के अभी

यूं ही बैठे-ठाले 
सोचने लगा हूँ  
आखिर क्या हुआ था ऐसा  
हमारे बीच  
जो वह शोख कली यूं रूठ गई
पलट कर पूछा तक नहीं  
मरीजों का हाल  

जरूरी है
बहुत जरूरी है
कुछ चीज़ों कुछ रिश्तों पर
लिखा रहना
(:हँडल विद केयर:)